Home चर्चा में NCC अधिकारी नीरज साहू की रैंक सेरेमनी, राष्ट्रसेवा के संकल्प को मिली...

NCC अधिकारी नीरज साहू की रैंक सेरेमनी, राष्ट्रसेवा के संकल्प को मिली नई पहचान

9
0

आरंग। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पूर्व 5 CG बटालियन NCC, रायपुर में आयोजित गरिमामय रैंक सेरेमनी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई, आरंग के NCC अधिकारी नीरज साहू को सेकंड ऑफिसर के रूप में रैंक प्रदान की गई। 5 CG बटालियन NCC के कमांडिंग ऑफिसर, लेफ्टिनेंट कर्नल द्वारा रैंक सेरेमनी संपन्न कराई गई। यह अवसर विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण रहा।

NCC अधिकारी नीरज साहू ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), कामटी, महाराष्ट्र में आयोजित 60 दिवसीय NCC अधिकारी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। लगभग दो माह तक चले इस गहन प्रशिक्षण के दौरान सैन्य अनुशासन, ड्रिल, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, व्यक्तित्व विकास, प्रशिक्षण कौशल एवं राष्ट्रसेवा से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया गया। कठिन एवं अनुशासित प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद उन्हें सेकंड ऑफिसर के रूप में रैंक प्रदान की गई।

 

नीरज साहू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई, आरंग में खेल एवं NCC गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है।

रैंक सेरेमनी के अवसर पर नीरज साहू ने कहा कि NCC युवाओं को केवल अनुशासन और नेतृत्व ही नहीं सिखाता, बल्कि उनमें राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करता है। वे भविष्य में भी NCC कैडेट्स को बेहतर प्रशिक्षण देकर उन्हें देश और समाज के प्रति समर्पित, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए कार्य करते रहेंगे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर NCC कैडेट्स द्वारा मार्च पास्ट, परेड एवं विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया जाता है। NCC कैडेट्स की अनुशासित कदमताल देश की युवा शक्ति, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई, आरंग के लिए यह उपलब्धि विशेष गौरव का विषय है। विद्यालय परिवार ने नीरज साहू की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय के NCC कैडेट्स अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।

“एकता और अनुशासन” के मूल मंत्र के साथ NCC युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करता है। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व संपन्न हुई यह रैंक सेरेमनी देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और प्रबल करने वाला गौरवपूर्ण अवसर रही।ग्राम पंचायत भिलाई से सरपंच नीलकंठ निर्मलकर, शाला परिवार से शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री गणेश राम निर्मलकर,प्राचार्य श्रीमती पुष्पा निषाद, व्याख्याता चंदु लाल साहू, अंजना मसीह,चम्पा साहू,गोविन्द गुप्ता, भोला सोनी, प्रधान पाठक डॉर्थी तांडी, संकुल समन्वयक जीतेन्द्र शुक्ला पुष्पलता चंद्राकर, पुष्पा चंद्रा कर, तृप्ति शर्मा एवं समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने शुभकामनायें दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here