कलेक्टर-एसएसपी के नेतृत्व में निकले मार्च में विभिन्न समाजों और समुदायों के लोगों ने की सहभागिता
बिलासपुर। शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने बुधवार को बिलासपुर में विशाल शांति मार्च निकाला गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में निकले मार्च में विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
शांति मार्च नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान लोगों ने एकजुट होकर शहर में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।
अफवाहों से बचने कलेक्टर की अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए रही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने और उसे आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है।

विवाद की स्थिति में पुलिस को दें सूचना : एसएसपी
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में शांति और सामान्य स्थिति बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों तथा मीडिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने अपील की कि किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, संयम और जिम्मेदारी से ही शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है।
सभी वर्गों ने जताई शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता
मार्च में शामिल विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता एवं भाईचारे से है। उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर में शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था।
शांति मार्च में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रमुख, शांति समिति के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
शांति मार्च के माध्यम से नागरिकों ने एकजुट होकर संदेश दिया कि आपसी सहयोग, संयम और भाईचारे के साथ बिलासपुर की शांति एवं सामाजिक सद्भाव को और मजबूत किया जाएगा।
संवाददाता : रोशनी सोनी







