Home कोरबा रंजू यादव के नेतृत्व में निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा, कैबिनेट मंत्री...

रंजू यादव के नेतृत्व में निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन हुए शामिल

8
0

कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कोरबा में सर्व यादव समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा एवं रैली निकाली गई। युवा प्रकोष्ठ के कोरबा जिला अध्यक्ष एवं शोभायात्रा संयोजक रंजू यादव के नेतृत्व में निकली इस रैली में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण की झांकी और श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।
डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर खेल मैदान, घंटाघर से आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन एवं कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर यादव समाज सहित क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

रंजू यादव के नेतृत्व में उमड़ा समाज का उत्साह
शोभायात्रा के संयोजक रंजू यादव के नेतृत्व में समाज के युवाओं और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। रैली के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल भक्तिमय नजर आया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यादव समाज की मांगों पर विकास कार्यों का जिक्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यादव समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें हमेशा मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की आवश्यकताओं और मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बालको शांति नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भवन के ऊपरी तल के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, जमनीपाली में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये तथा शारदा विहार अमरैय्यापारा स्थित राधाकृष्ण मंदिर के ऊपरी तल के निर्माण एवं विस्तार के लिए 10 लाख रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं।
वहीं वैशाली नगर मिनी स्टेडियम के पास मंच एवं कक्ष निर्माण का 10 लाख रुपये का कार्य जारी है। लाटा मेन रोड में सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये और मानिकपुर यादव मोहल्ले में भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति की प्रक्रिया भी बताई गई।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने भी समाजजनों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भजन प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, संरक्षक कमलेश यादव, प्रदेश महामंत्री संतोष यादव, नत्थू लाल यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, विनोद यादव, महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक हारबाई यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गीता यादव, ममता यादव, पार्षद सुलोचना यादव, एल्डरमैन सुभद्रा यादव, अनूप यादव, ओम यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here