संवाददाता – विमल सोनी
बिलासपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ने सपरिवार राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने साथियों के साथ मटकी फोड़ कार्यक्रम में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रविंद्र सिंह ने श्रद्धालुओं को माखन-मिश्री एवं फल का प्रसाद वितरित किया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण के वेश में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने गीत एवं नृत्य के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भक्ति और उत्सव का रंग भर दिया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।







