कोरबा। कोरबा कोतवाली पुलिस ने राताखार क्षेत्र में एक कबाड़ यार्ड पर छापामार कार्रवाई करते हुए कबाड़ से लदे कई वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कबाड़ के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई थी कि राताखार स्थित एक यार्ड में अवैध कबाड़ से लदे ट्रक और अन्य वाहन खड़े हैं। सूचना मिलते ही कोरबा कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कबाड़ से लदे ट्रक, माजदा सहित अन्य वाहनों को अपने कब्जे में लिया है। बताया जा रहा है कि वाहनों में बड़ी मात्रा में लोहे का कबाड़ भरा हुआ था। सभी जब्त वाहनों को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए थाने ले जाया गया है।

गौरतलब है कि बीते दिनों व्यापारी गुलाम मोहम्मद द्वारा कोरबा पुलिस अधीक्षक और आईजी से जिले में कथित रूप से चल रहे अवैध कबाड़ कारोबार को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत में रवि साहू सहित अन्य लोगों के नामों का उल्लेख किए जाने की बात सामने आई थी।

स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि उक्त शिकायत के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त कबाड़ और वाहनों के संबंध में किस प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जाती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों तक पुलिस की कार्रवाई कितनी दूर तक पहुंचती है।







