विमल सोनी/बिलासपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशभर के बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल में शामिल होंगे। बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर यह हड़ताल आयोजित की जा रही है।
हड़ताल के तहत बिलासपुर में भी विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारी आंदोलन में शामिल होंगे। इस दौरान प्रातः 10 बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की व्यापार विहार शाखा के सामने कर्मचारी-अधिकारी एकत्रित होकर प्रदर्शन एवं सभा करेंगे।
आयोजकों की ओर से UFBU के सभी घटक संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपने-अपने संगठन के बैनर, झंडे, प्लेकार्ड एवं अन्य प्रदर्शन सामग्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शन को अनुशासित एवं प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाएगा।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया है। बिलासपुर में होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल होने की संभावना है।







