भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। पहले सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 40 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी। दीप्ति शर्मा ने भारत की ओर से सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
मुश्किल पिच पर भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने में परेशानी हुई, लेकिन शैफाली वर्मा ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 64 रन की पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 160 रहा।
शैफाली को पारी के दौरान तीन बार जीवनदान मिला। बांग्लादेश की फील्डिंग बेहद कमजोर रही और टीम ने कुल चार कैच छोड़े। शैफाली ने इसका पूरा फायदा उठाया।
भारत ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 45 रन बनाए। इसके बाद बीच के ओवरों में रन गति बढ़ाना मुश्किल रहा। प्रतिका रावल ने 24 गेंदों पर 20 रन बनाए। उन्होंने शुरुआत में शानदार कवर ड्राइव लगाया और बाद में क्रीज से बाहर निकलकर छक्का भी जड़ा। हालांकि, मारुफा की गेंद पर उनकी पारी खत्म हो गई।
ऋचा घोष ने 16 गेंदों में 21 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 28 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए। हरमनप्रीत शुरुआत में संघर्ष करती नजर आईं। उन्होंने पहली 16 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बनाए थे। आखिरी ओवरों में दो छक्के लगाकर उन्होंने टीम का स्कोर 149 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 109 रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
भारत ने 40 रन से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल का टिकट कटाया।
भारतीय महिला टीम ने वूमेन्स एशिया कप के फाइनल में लगातार 10वीं बार जगह बनाई है। 2004 में खेले गए टूर्नामेंट के पहले संस्करण से ही भारत हर बार खिताबी मुकाबले तक पहुंचा है।
भारत ने अब तक चार बार वनडे और छह बार टी-20 फॉर्मेट के फाइनल में जगह बनाई है। वनडे फॉर्मेट में खेले गए चारों फाइनल भारत ने जीते हैं। वहीं टी-20 में टीम इंडिया 3 बार साल 2012, 2016 और 2022 में चैंपियन बनी थी, जबकि 2018 और 2024 में उसे रनर-अप रहकर संतोष करना पड़ा। श्रीलंका और बांग्लादेश एक-एक बार चैंपियन बने हैं।
अब फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। टीम इंडिया की नजर अब 8वीं बार वूमेन्स एशिया कप का खिताब अपने नाम करने पर है।







