आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आरंग में ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी आयोजित की गई। “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएँ तथा चुनौतियाँ” विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में विकासखंड के 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह से भाग लिया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी, दिनेश शर्मा ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, ऊर्जा संरक्षण तथा भारत के ऊर्जा भविष्य में उनकी भूमिका के प्रति प्रेरित किया। वही सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा का समाधान करते हुवे विज्ञान के प्रति उनकी जागरूकता की प्रशंसा की।

प्रतिभागियों ने नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण, तकनीकी विकास और वर्ष 2047 तक भारत की ऊर्जा जरूरतों व चुनौतियों पर प्रभावी प्रस्तुतियाँ दीं। प्रतियोगिता में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंदिर हसौद की कुमारी वैष्णवी टंडन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसदा के प्रतिभागी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम की सफलता में मार्गदर्शक शिक्षकों और नोडल अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संगोष्ठी ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल और ऊर्जा भविष्य के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर प्राचार्य सरोजनी केरकेट्टा, व्याख्याता गण सुनीता पांडे,मधु मालवीय,महेश अग्रवाल, अपर्णा तिवारी,कमलेश साहू,सविता गुप्ता आदि की सहभागिता रही।







