दीपक शर्मा/पाली। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय, कटघोरा में किया गया। प्रतियोगिता में कोरबा जिले के छह महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल, सामूहिक प्रयास और शानदार प्रदर्शन के दम पर उपविजेता स्थान हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान बेहतर तालमेल और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पाली महाविद्यालय के पांच खिलाड़ियों का आगामी कैम्प के लिए चयन किया गया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने खेल प्रभारी एवं सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी कैम्प में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।







