Home चर्चा में बच्चों के सपनों में रंग भर गए संजय भूषण पांडेय, हरदी में...

बच्चों के सपनों में रंग भर गए संजय भूषण पांडेय, हरदी में खिल उठा उत्साह चित्रों में दिखे नन्हे सपने तो जिपं अध्यक्ष ने बढ़ाया हौसला, कहा—हर बच्चे में छिपी है बड़ी उड़ान की क्षमता

6
0
संवाददाता अशोक मनहर
सारंगढ़। किसी जनप्रतिनिधि की लोकप्रियता का सबसे सहज पैमाना तब दिखाई देता है, जब औपचारिकताओं से परे वह बच्चों के बीच पहुंचता है और बच्चे भी उससे सहजता से जुड़ जाते हैं। सारंगढ़ – बबिलाईगढ़ जिले के हरदी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को आयोजित चित्रकला कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय की मौजूदगी कुछ ऐसा ही आत्मीय दृश्य लेकर आई। बच्चों के बीच सहज संवाद, उनकी प्रतिभा की सराहना और आगे बढ़ने का भरोसा देने के अंदाज ने कार्यक्रम में अलग ही उत्साह भर दिया।
विद्यार्थियों ने अपने सपनों को रंगों में उकेरा था। किसी की कल्पना में स्वच्छ और विकसित भारत था, किसी ने शिक्षा और तकनीक को जगह दी तो किसी ने पर्यावरण, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण को अपने चित्र का विषय बनाया। संजय भूषण पांडेय ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके चित्र देखे, उनकी कल्पनाओं को समझा और उनकी हौसलाअफजाई की। बच्चों के चेहरे पर दिखता उत्साह इस संवाद को और खास बना रहा था।
‘छोटे कदम ही बड़ी सफलता की नींव’
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संजय भूषण पांडेय ने कहा कि बड़े बदलाव की शुरुआत हमेशा छोटे-छोटे कदमों से होती है। निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी-बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत सिर्फ उसे पहचानने, सही दिशा देने और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल, चित्रकला, साहित्य, तकनीकी ज्ञान और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बच्चों के लिए अवसर बनाना ही असली सेवा
जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। किसी बच्चे की शिक्षा, प्रतिभा और सपनों को आगे बढ़ाने के लिए उठाया गया छोटा-सा कदम उसके भविष्य की बड़ी सफलता का आधार बन सकता है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों से मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करने की अपील की, जहां किसी बच्चे की आर्थिक या सामाजिक परिस्थिति उसके सपनों के आड़े न आए।
जिला शिक्षा अधिकारी एलएन पटेल ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य विभावरी ठाकुर ने कहा कि रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व और प्रतिभा के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल, प्राचार्य विभावरी ठाकुर, पीएम श्री स्कूल बरमकेला एवं नोडल समग्र से नरेश चौहान, शिक्षकगण, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
हरदी में आयोजित यह कार्यक्रम इस संदेश के साथ समाप्त हुआ कि बच्चों के सपनों को केवल शब्दों की नहीं, बल्कि अवसर, प्रोत्साहन और भरोसे की जरूरत होती है—और इन्हीं छोटे प्रयासों से भविष्य की बड़ी तस्वीर तैयार होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here