-स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को मिली किट
-“युवा उड़ान” के जरिए विद्यार्थियों को शिक्षा और अवसरों से जोड़ने की पहल
-छात्र-छात्राओं से संवाद कर जाना उनके सपनों और भविष्य का लक्ष्य
कोरबा। विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, कोरबा में “युवा उड़ान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन ने 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को एजुकेशनल किट का वितरण किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी शिक्षा, रुचियों, सपनों तथा भविष्य के लक्ष्यों के बारे में संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी के भीतर आगे बढ़ने की क्षमता और अपने सपनों को साकार करने का सामर्थ्य है। आवश्यकता है तो केवल सही मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन की। “युवा उड़ान” इसी सोच के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
इससे पूर्व भी मंत्री श्री देवांगन के करकमलों से शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा की 1500 छात्राओं को एजुकेशन किट प्रदान किया गया था। स्वामी विवेकानंद शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिले के छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहयोग भी प्रदान की जा रही है।
श्री देवांगन ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के विकसित और सशक्त समाज की नींव हैं। शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके सपनों को साकार करने में सहयोग देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक विद्यार्थियों को एजुकेशनल किट प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए आभार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में पार्षद श्री चंद्रलोक सिंह, श्री राकेश वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर, डॉ. डेजी कंवर, व्याख्याता मधुसूदन मुकुल, श्री युवराज चंद्रा, श्री भुवनेश्वर तिवारी, व्याख्याता आसिया खान, पूजा सिंह, दिव्या पटेल, मधु यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







