विश्व कीर्तिमान बनाने की पहल में विद्यालय की सहभागिता, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक साथ किया राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन
संवाददाता अशोक मनहर
सरसीवा। सरस्वती शिशु मंदिर बालपुर में 25 सितंबर 2026 को निर्धारित समय सुबह 11 बजे ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का विशेष आयोजन किया गया। विश्व कीर्तिमान बनाने की पहल से जुड़े इस आयोजन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। निर्धारित समय पर छात्र-छात्राएं अनुशासनबद्ध तरीके से एकत्र हुए और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षकों ने भी इसमें सहभागिता निभाई और राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और देश के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का वातावरण बना रहा और विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय परिवार ने बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के माध्यम से विद्यालय ने विश्व कीर्तिमान बनाने की इस पहल में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।







