अधिवक्ता संघ भटगांव के अध्यक्ष फिरितलाल खटकर ने श्रीफल व पुष्पगुच्छ भेंटकर किया अभिनंदन, राजस्व मामलों में बेहतर समन्वय की जताई उम्मीद
संवाददाता अशोक मनहर
सरसीवां। तहसील सरसीवां में नवपदस्थ तहसीलदार मनीष कुमार सूर्यवंशी का अधिवक्ता संघ भटगांव की ओर से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अधिवक्ता संघ भटगांव के अध्यक्ष अधिवक्ता फिरितलाल खटकर ने तहसीलदार सूर्यवंशी से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया और नवदायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वागत के दौरान तहसील क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्यों, लंबित प्रकरणों और आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष फिरितलाल खटकर ने प्रशासन एवं अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवपदस्थ तहसीलदार के कार्यकाल में राजस्व मामलों के निराकरण और आम लोगों से जुड़े कार्यों में सकारात्मक गति आएगी।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ने कहा कि तहसील स्तर पर राजस्व मामलों में प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर तालमेल रहने से पक्षकारों को सुविधा मिलती है। साथ ही, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण की दिशा में भी सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।
वहीं, तहसीलदार मनीष कुमार सूर्यवंशी ने अधिवक्ता संघ की ओर से किए गए आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन एवं अधिवक्ताओं के बीच आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों के सहयोग से आम नागरिकों को राजस्व संबंधी मामलों में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अधिवक्ता संघ की ओर से नवपदस्थ तहसीलदार सूर्यवंशी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं। स्वागत कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







