महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
महासमुंद/कोमाखान।
खल्लारी विधानसभा क्षेत्र एवं जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-06 में खेल, लोकसंस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के अनूठे संगम से ग्रामीण अंचल में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने क्षेत्र में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता, सांस्कृतिक संध्या और तरु-पुत्र जन्मोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर ग्रामीणों व युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
कबड्डी माटी से जुड़ा खेल, युवाओं में भरता है अनुशासन: भीखम ठाकुर
वनांचल ग्राम टेंगराही (गुलझर), ग्राम पंचायत भोथा (कोमाखान) में रात्रिकालीन एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने विधिवत पूजा-अर्चना, फीता काटकर, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व टॉस उछालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबला टेंगराही और गुलझर की टीमों के बीच खेला गया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि कबड्डी हमारी माटी और ग्रामीण जीवन से जुड़ा पारंपरिक खेल है। यह खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संयम, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

नवाडीह-जूनवानी खुर्द में गम्मत नाच पार्टी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
इसके पश्चात श्री ठाकुर नवाडीह–जूनवानी खुर्द पहुंचे, जहाँ गणेश युवा समिति के तत्वावधान में रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहाँ ‘कका-भतीजा गम्मत नाच पार्टी’ (सरायपाली–कोमाखान) और ‘रंजित चक्रधारी नाच पार्टी’ की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री ठाकुर ने भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण खेल और लोककला केवल मनोरंजन का जरिया नहीं हैं, बल्कि ये हमारी समृद्ध परंपरा और सामाजिक एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने की मजबूत कड़ी हैं। ऐसे मंचों से स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है।
श्रीराम स्मृति उपवन में मनाया गया तरु-पुत्रों का जन्मोत्सव
धार्मिक एवं पर्यटन स्थल माँ खल्लारी की पावन धरा पर स्थित श्रीराम स्मृति उपवन में गायत्री परिवार द्वारा ‘वृक्ष गंगा अभियान’ के तहत तरु-पुत्रों (वृक्षों) का वार्षिक जन्मोत्सव संस्कार एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल होकर श्री ठाकुर ने वृक्षों को परिवार के सदस्य की भांति पूजने के इस अनूठे प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि परम पूज्य गुरुदेव एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के विचारों से प्रेरित यह अभियान प्रकृति सेवा और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में अनुकरणीय पहल है। उन्होंने सभी से “वृक्ष लगाएं, वृक्ष बचाएं” के संकल्प के साथ भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए आगे आने की अपील की।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इन आयोजनों के दौरान जनपद सदस्य तुलाराम ठाकुर, सरपंच बल्लाराम जगत, सरपंच श्रीमती गौरी मुकेश ठाकुर, कैलाश ध्रुव, उपसरपंच बृज ठाकुर, पूर्व सरपंच नेहरू चक्रधारी, जनक राम नायक, हरि यादव, ओम प्रकाश ध्रुव, हीरा साहू सहित आयोजन समिति के सदस्य, मातृशक्ति, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। श्री ठाकुर ने सभी आयोजनों के सफल संचालन हेतु आयोजकों व ग्रामवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।







