Home कोरबा गेवरा बस्ती भूमि अधिग्रहण: 80% खातेदारों के रिकॉर्ड में सुधार, मुआवजा प्रक्रिया...

गेवरा बस्ती भूमि अधिग्रहण: 80% खातेदारों के रिकॉर्ड में सुधार, मुआवजा प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी

6
0
कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कोरबा कुसमुंडा के गेवरा बस्ती के भूमि अधिग्रहण और खातेदारों के राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटियों के निराकरण को लेकर कुसमुंडा क्षेत्र में संबंधित प्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि रिकॉर्ड में सुधार, मुआवजा प्रक्रिया और प्रभावित किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत कुसमुंडा क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी द्वारा उपस्थित प्रतिनिधियों एवं प्रभावित ग्रामवासियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद गेवरा बस्ती के अधिग्रहण से संबंधित खाता-जमीन पत्रक में त्रुटि सुधार के लिए तहसील कार्यालय द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी गई।
80 प्रतिशत खातेदारों के रिकॉर्ड में सुधार
दीपका तहसीलदार ने बैठक में बताया कि खातेदारों के रिकॉर्ड में त्रुटियों के सुधार के लिए विभाग गंभीरता से काम कर रहा है। उनके अनुसार, करीब 80 प्रतिशत खातेदारों के रिकॉर्ड में सुधार किया जा चुका है, जबकि लगभग 20 प्रतिशत मामलों में अभी गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं।
इन मामलों में रकबे का कम या ज्यादा दर्ज होना, निजी भूमि का शासकीय भूमि के रूप में दर्ज होना सहित अन्य प्रकार की विसंगतियां शामिल हैं। इन रिकॉर्डों के सुधार के लिए प्रक्रिया जारी है और इसमें लगभग एक माह का समय लगने की जानकारी दी गई।
दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील
तहसीलदार ने प्रभावित ग्रामवासियों और प्रतिनिधियों से अपने भूमि संबंधी दस्तावेज तहसील कार्यालय में उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की जांच के आधार पर रिकॉर्ड में मौजूद त्रुटियों का निराकरण किया जा सकेगा।
बैठक में मौजूद ग्राम प्रतिनिधियों ने इस कार्य में पूरा सहयोग करने का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधियों ने संबंधित क्षेत्रों में जल्द नोटिस जारी करने का भी अनुरोध किया, जिसे तहसीलदार ने स्वीकार किया।
रिकॉर्ड सुधार के बाद आगे बढ़ेगी मुआवजा प्रक्रिया
कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक ने बैठक में स्थिति स्पष्ट करते हुए आश्वस्त किया कि रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटियों का निराकरण होने के बाद भूमि अधिग्रहण से संबंधित आगे की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि करीब 1.5 माह के भीतर मुआवजे से संबंधित प्रक्रिया क्षेत्र स्तर से पूरी कर सक्षम स्तर पर अनुमोदन के लिए भेजने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद आवश्यक अनुमोदन के लिए प्रस्ताव कलेक्टर, कोरबा को भेजे जाने की बात भी कही गई।
सर्वे के आधार पर तय होगा मुआवजा
बैठक में ग्राम प्रतिनिधियों ने भूमि अधिग्रहण के लिए किए गए सर्वे और मुआवजे की गणना के आधार को लेकर सवाल किया। अधिकारियों की ओर से बताया गया कि सर्वे का कार्य किया जा चुका है। मुआवजे की गणना संबंधित समय पर प्रचलित दरों के आधार पर की जाएगी।
प्रतिनिधियों ने नरईबोध और धरनपुर क्षेत्र में मुनादी कराने तथा लोगों की जानकारी के लिए बोर्ड लगाने का अनुरोध किया। महाप्रबंधक ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई।
फसल नुकसान के मुआवजे का भी उठा मुद्दा
बैठक के दौरान ग्रामीण प्रतिनिधियों ने खेतों में पानी भरने से फसलों को हो रहे नुकसान और उसके मुआवजे का मुद्दा भी उठाया। इस पर महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि शासन की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कुसमुंडा क्षेत्र के अधिकारियों, राजस्व विभाग के अधिकारियों, नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधियों और प्रभावित ग्रामों के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here