आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। नगर के रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक 5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘अंगना में मिलन’ कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध पारंपरिक व सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गर्भधारण और नन्हे शिशुओं के अन्नप्राशन संस्कार की रस्में पूरी आत्मीयता से निभाई गईं। स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाते हुए गर्भवती माताओं को पोषण किट भेंट की गई, वहीं शिशुवती माताओं को बच्चों की बेहतर देखरेख के लिए प्रोत्साहित और सम्मानित किया गया। आयोजन में बच्चों के लिए विशेष न्योता भोज का प्रबंध किया गया, जिसमें नन्हे बच्चों ने बड़े चाव से पौष्टिक आहार ग्रहण किया। पोषण प्रदर्शनी,स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के साथ पूरे आयोजन में स्थानीय स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सक्रिय और सराहनीय भूमिका निभाते हुए सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

समारोह में जनप्रतिनिधियों और महिलाओं की उल्लेखनीय मौजूदगी रही। मुख्य रूप से मनोनीत पार्षद आशा वैष्णव, पार्षद दीक्षा सूरज सोनकर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री देवी ध्रुव , सहायिका शशिकला यादव शिक्षिका सीमा भांडेकर,लक्ष्मी धृतलहरे,मितानिन संतोषी चंद्राकर आदि की उपस्थिति रहीं। कार्यक्रम में क्षेत्र की 100 से भी अधिक महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर आयोजन को भव्य रूप दिया और समाज में पोषण व स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।







