अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान:
थाना क्षेत्र अंतर्गत कोमाखान–चौखड़ी मार्ग के पास जंगल की झाड़ियों में एक जली हुई लावारिस पिकअप और उसके समीप लगभग 50 वर्षीय एक अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जंगल के भीतर जली हालत में मिली पिकअप (CG 04 PM 7800)
चौखड़ी के समीप घने पेड़ों व झाड़ियों के बीच अशोक लीलैंड कंपनी की पिकअप गाड़ी क्रमांक CG 04 PM 7800 आग में बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में खड़ी पाई गई। आग लगने के कारण वाहन का केबिन पूरी तरह जल चुका है तथा उसका एक दरवाजा खुला हुआ था।

वाहन से कुछ दूरी पर मिला अज्ञात शव
जली हुई गाड़ी से चंद कदमों की दूरी पर झाड़ियों के बीच लगभग 50 वर्ष के अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा देखा गया। शव को देखते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कोमाखान थाना पुलिस को दी।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
गाड़ी के जलने और कुछ ही फासले पर शव मिलने के कारण मामला पूरी तरह संदेहास्पद बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस वाहन क्रमांक CG 04 PM 7800 के आधार पर गाड़ी मालिक की पहचान करने और मृतक की शिनाख्त में जुट गई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।







