एमसीबी संवाददाता – हनुमान प्रसाद यादव
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नागरिकों से की अंगदान और देहदान के लिए आगे आने की अपील
एमसीबी// सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत मंगल भवन, पोड़ी चिरमिरी में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप के प्रथम दिवस स्वास्थ्य जांच और उपचार के साथ मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकार की प्रेरक तस्वीर भी सामने आई। शिविर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में जहां बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, वहीं 11 लोगों ने अंगदान का संकल्प लेकर मानव सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। मेगा हेल्थ कैंप में नागरिकों को विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच, उपचार एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शिविर के माध्यम से लोगों को अंगदान एवं देहदान के महत्व, समय पर स्वास्थ्य जांच और विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया।
11 लोगों ने लिया अंगदान का संकल्प
शिविर के प्रथम दिवस 11 नागरिकों ने स्वेच्छा से अंगदान का संकल्प लिया। अंगदान के प्रति आगे आए इन नागरिकों ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नागरिकों को अंगदान से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने की इस पहल के माध्यम से समाज में मानव जीवन की रक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का संदेश दिया गया। शिविर में उपस्थित लोगों को भी अंगदान एवं देहदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

टीबी और कुष्ठ रोग की भी हुई स्क्रीनिंग
मेगा हेल्थ कैंप में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के साथ टीबी एवं कुष्ठ रोग की पहचान के लिए भी स्क्रीनिंग की गई। प्रथम दिवस 68 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जबकि 4 लोगों की कुष्ठ रोग स्क्रीनिंग कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्क्रीनिंग के साथ संबंधित लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बीमारियों की समय पर पहचान और आवश्यकता के अनुसार आगे की चिकित्सा सुविधा से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों से मिल रही जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा
दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिले के नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं आवश्यक परामर्श मिलने से लोगों को सुविधा हो रही है। शिविर में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे नागरिकों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी जा रही है। इससे जिलेवासियों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाने की आवश्यकता कम होने के साथ समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध हो रही है। सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य के अनुरूप मेगा हेल्थ कैंप में आम नागरिकों के साथ महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर में आने वाले लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ बीमारियों की रोकथाम एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
‘स्वास्थ्य जांच में न बरतें लापरवाही’
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नागरिकों से मेगा हेल्थ कैंप में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है और स्वास्थ्य जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या महसूस होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान बनाना और उन्हें एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
अंगदान और देहदान के लिए आगे आएं नागरिक
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अंगदान एवं देहदान के महत्व पर भी नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अंगदान और देहदान जैसे मानवीय संकल्प के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा संकल्प जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने कहा कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। नागरिकों की सहभागिता से इस दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकता है। मेगा हेल्थ कैंप में 11 लोगों द्वारा अंगदान का संकल्प लेना इसी सामाजिक चेतना और मानव सेवा की भावना को दर्शाता है। सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित मेगा हेल्थ कैंप स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी माध्यम बन रहा है। पहले दिन अंगदान के लिए सामने आए 11 नागरिकों की पहल ने शिविर में मानव सेवा का संदेश दिया, वहीं टीबी एवं कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग के माध्यम से समय पर बीमारियों की पहचान और उपचार के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया।







