Home अंतर्राष्ट्रीय पनामा में 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से मची तबाही, इमारतें क्षतिग्रस्त...

पनामा में 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से मची तबाही, इमारतें क्षतिग्रस्त और सड़कों पर पड़ीं दरारें

17
0

पनामा की धरती भूकंप के शक्तिशाली झटकों से हिल उठी। दक्षिणी पनामा में 7.7 और 6.6 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए। इसके बाद कई आफ्टरशॉक्स आए। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकल पड़े। कई इमारतों को नुकसान होने की खबर है।  USGS के मुताबिक पहला और अधिक शक्तिशाली भूकंप हेर्रेरा प्रांत में पितालोसा अरिबा के दुर्गम इलाके से करीब 10 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में आया। इसकी गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे थी। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.7 मापी गई। भूकंप के तेज झटकों के बाद सुनामी का अलर्ट जारी किया गया था जिसे अब वापस ले लिया गया है।

भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक भी आए। इनमें 5.8, 5.5 और 5.2 तीव्रता के झटके शामिल थे। पनामा विश्वविद्यालय के भूकंप विज्ञानियों ने 45 से अधिक आफ्टरशॉक दर्ज किए। हलांकि इनमें से कई भूकंप के झटके इतने कमजोर थे कि लोगों को महसूस नहीं हुए।

भूकंप के इन झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। सड़कों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। हालांकि अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पनामा के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो ने कहा कि अधिकारियों को अब तक किसी की मौत की जानकारी नहीं मिली है। भूकंप के बाद कई इलाकों में दहशत फैल गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया। भूकंप से प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

पनामा के राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा सेवा के अधिकारी ओमार स्मिथ ने टेलीमेट्रो रिपोर्टा न्यूज चैनल को बताया कि नुकसान मुख्य रूप से वेरागुआस, हेर्रेरा और लॉस सैंटोस प्रांतों में हुआ है। राजधानी पनामा सिटी में नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, लॉस सैंटोस प्रांत में स्थित ऐतिहासिक सैन अतानासियो चर्च ढह गया। इस चर्च को 1938 में राष्ट्रीय ऐतिहासिक धरोहर घोषित किया गया था। वहीं, वेरागुआस प्रांत में सड़कों पर लंबी और गहरी दरारें देखी गईं।

बता दें कि इससे पहले 4 अक्टूबर को इंडोनेशिया में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। इंडोनेशिया की धरती रविवार सुबह भूकंप के झटकों से हिल उठी थी। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई थी। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप के झटके सुबह 5 बजकर 7 मिनट पर महसूस किए गए। इसकी गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी। जानमाल का किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here