रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर, सोनार पारा – रजहा पारा | 19 अक्टूबर 2026
आज शारदीय नवरात्रि की पावन अष्टमी और नवमी के शुभ अवसर पर सोनार पारा, रजहा पारा स्थित प्राचीन शांति काली माता मंदिर में भव्य हवन-पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन विधि-विधान से संपन्न हुआ।
सुबह से ही मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन प्रारंभ हुआ। पुजारियों द्वारा माता रानी का विशेष श्रृंगार, आरती एवं हवन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की गई। हवन के पश्चात मोहल्ले की नौ कन्याओं को देवी स्वरूप में पूजित कर उन्हें भोग-प्रसाद ग्रहण कराया गया। कन्याओं ने प्रेमपूर्वक भोग ग्रहण कर सभी भक्तों को आशीर्वाद दिया।
इस पावन अवसर पर वार्ड के जनप्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
– वार्ड 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल (संटी)
– वार्ड 6 की पार्षद अर्चना संतोष सोनी
– वार्ड 5 के पार्षद मनोज पाटले
– वार्ड 2 की पार्षद इंदु यादव
सभी पार्षदों ने हवन-पूजन एवं कन्या भोज में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद लिया और कन्याओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया।
वहीं मोहल्ले के सक्रिय जनप्रतिनिधि उषा चौहान, मिल्लू ठाकुर,मनीष ठाकुर (मोनू), मनोज वर्मा, दिनेश गंधर्व, अशोक निषाद, अमर सिंह ठाकुर एंव समस्त मोहल्लेवासी मातृत्व शक्ति सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी, श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि शांति काली माता मंदिर में स्थानीय मोहल्लेवासियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रत्येक त्यौहार के अवसर पर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से कराया जाता है, जिससे पूरे मोहल्ले में भक्ति और एकता का वातावरण बना रहता है।

मंदिर के नवनिर्माण को लेकर बड़ी घोषणा –
इस दौरान मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर चर्चा की गई। स्थानीय पार्षदों सुनील अग्रवाल, अर्चना संतोष सोनी एवं मनोज पाटले ने मंदिर समिति और मोहल्लेवासियों को आश्वासन दिया कि शांति काली मंदिर की छत ढलाई (लेंटर) कार्य के लिए वे अपने स्वेच्छा अनुदान मद से राशि दान देंगे और निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने में हर संभव सहयोग करेंगे। इस घोषणा पर समिति एवं मोहल्लेवासियों ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। पूरा मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।







