-गोविंदपुर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दोनों युवकों को सिर में गंभीर चोट; परिवारों में पसरा मातम
युसूफ खान/बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमी-जशपुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कुसमी से अपने घर लौट रहे दोनों युवकों की बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार बस से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर सिर के बल जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम कांची निवासी ननसू राम बरगाह (18 वर्ष), पिता रमेश राम, अपने दोस्त राजू राम के साथ गुरुवार को कुसमी आया हुआ था। शाम करीब 5 बजे दोनों बाइक क्रमांक सीजी 30 एफ 7908 से अपने घर जाने के लिए निकले थे। करीब 5:20 बजे वे ग्राम गोविंदपुर के पास पहुंचे ही थे कि जशपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पॉपुलर बस से उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस और बाइक दोनों की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों को सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कोटवार की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना ग्राम कोटवार जयप्रकाश ने कुसमी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए कुसमी अस्पताल भिजवाए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। वहीं, दोनों युवकों की मौत की सूचना उनके परिजनों को फोन के माध्यम से दी गई।
परिवारों में मचा कोहराम
कम उम्र में दो युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।







