केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन लाल साहू के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ गरिमामय कार्यक्रम; नवाचार व उत्कृष्ट शिक्षण के लिए मिला सम्मान
कांकेर/बिलासपुर:
शिक्षक प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 31 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर के ऐतिहासिक पं. देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में भव्य राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामय समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आतुरगांव (कांकेर) के जीव विज्ञान व्याख्याता संदीप कुमार सेन को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट, नवाचारी और समर्पित कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन लाल साहू रहे। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक शिल्पकार हैं। नवाचार और रचनात्मक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और मौलिक सोच का विकास करने वाले शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं।

आयोजन समिति की सराहना और आभार व्यक्त
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत व्याख्याता संदीप कुमार सेन ने आयोजन समिति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर शिक्षा में नवाचार करने वाले शिक्षकों को मंच प्रदान कर प्रोत्साहित करना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी पहल है।
इस सफल आयोजन के लिए शिक्षक प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ की आयोजक समिति के संयोजक श्री भरत कुमार डोरे, अध्यक्ष श्री सुमित पांडेय, श्री शिव कुमार बंजारे, श्री लक्ष्मण बांधेकर, श्री महेंद्र कुमार पंत, श्री कमलेश लांझे सहित समस्त आयोजक मंडल को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। शिक्षा के उन्नयन हेतु समर्पित इस आयोजन की पूरे प्रदेश भर के शिक्षाविदों ने सराहना की।
संदीप सेन के सम्मानित होने पर विद्यालय परिवार, सहयोगियों, आत्मीयजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।







