समोदा। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर द नीलम ब्यूटी हब, समोदा में कौशल, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां ब्यूटी पार्लर एवं क्लाउड किचन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे परीक्षार्थियों ने अपनी प्रतिभा और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम के दौरान ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण लेने वाली परीक्षार्थियों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा धारण कर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया। वहीं क्लाउड किचन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे परीक्षार्थियों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन चीला, फरा और सोहारी रोटी तैयार कर अपने पाक-कौशल का प्रदर्शन किया। इस गतिविधि के माध्यम से उन्होंने स्थानीय खानपान, पारंपरिक व्यंजनों और भोजन निर्माण की कला को भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने छत्तीसगढ़ की पहचान और लोकसंस्कृति से जुड़े पारंपरिक सुआ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इससे आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की सुंदर छटा देखने को मिली।

इस आयोजन का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण को केवल रोजगारपरक शिक्षा तक सीमित न रखते हुए प्रशिक्षणार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, व्यावहारिक दक्षता और स्थानीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। ब्यूटी पार्लर और क्लाउड किचन जैसे स्वरोजगार से जुड़े प्रशिक्षण के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों ने यह संदेश दिया कि हुनर और अपनी सांस्कृतिक विरासत दोनों ही हमारी पहचान और विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं।







