संवाददाता – लक्ष्मीनारायण लहरे
सारंगढ़ । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित राज्योत्सव 2026 में माँ वैष्णवी संगीत महाविद्यालय, रानीसागर सारंगढ़ की छात्राओं ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में चार चाँद लगा दिए।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि सांसद श्री राधेश्याम राठिया, वरिष्ठ नेता श्री जगन्नाथ पाणिग्रही सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं जिला कलेक्टर महोदया की गरिमामयी उपस्थिति में महाविद्यालय की छात्राओं ने रायगढ़ घराने की पारंपरिक कथक नृत्य शैली में मनमोहक समूह प्रस्तुति दी। उनकी भावपूर्ण भाव-भंगिमाओं, लयकारी, पद संचालन और आकर्षक नृत्य संयोजन ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समूह कथक नृत्य में राष्ट्रीय कथक नृत्यांगना यामी वैष्णव, पूर्वी भगत, अदिति सुल्तानिया एवं एम्मा श्रुति कुजूर ने शानदार प्रस्तुति दी। वहीं महाविद्यालय की कथक छात्रा अपेक्षा केशवानी एवं अनुषा केसरवानी ने एकल कथक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और कला कौशल से दर्शक दीर्घा में खूब तालियाँ बटोरीं।

कार्यक्रम में विशेष सांगीतिक प्रस्तुति के अंतर्गत माँ वैष्णवी संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य श्री एल. डी. वैष्णव ने सितार वादन किया तथा श्री बजरंग चौहान ने तबले पर शानदार संगत दी। सितार और तबले की मनमोहक जुगलबंदी ने पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। सितार के मधुर सुरों और तबले की शानदार थाप ने अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
माँ वैष्णवी संगीत महाविद्यालय परिवार जिला प्रशासन, सारंगढ़-बिलाईगढ़ का हृदय से आभार व्यक्त करता है कि उन्होंने महाविद्यालय की छात्राओं एवं कलाकारों को राज्योत्सव 2026 जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अपनी कला, प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया।
यह आयोजन न केवल कलाकारों के लिए गौरव का विषय रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं रायगढ़ कथक घराने की कला को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।







