आरंग संवाददाता – सोमन साहू
फाइनल मुकाबले में स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद को 9 विकेट से हराया, सृजन सोनकर स्कूल आरंग ने जीता तीसरा स्थान
आरंग। आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-1 का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद को 9 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मैच का शुभारंभ जनपद पंचायत आरंग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद पांडे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, आरंग युवा एवं खेल संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर एवं अध्यक्ष अमन साहू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा टॉस कराकर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
तीसरे स्थान के लिए सृजन सोनकर स्कूल ने मारी बाजी
फाइनल मुकाबले से पहले तीसरे स्थान के लिए सृजन सोनकर स्कूल आरंग और द आरंभ स्कूल नरदहा के बीच मुकाबला खेला गया। सृजन सोनकर स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी द आरंभ स्कूल नरदहा की टीम की शुरुआत धीमी रही और लगातार विकेट गिरते रहे। सिद्धार्थ के 22 रन तथा पार्थ और भव्य के 18-18 रनों की संघर्षपूर्ण पारियों की बदौलत टीम 18.5 ओवर में 90 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
सृजन सोनकर स्कूल की ओर से पुष्पेंद्र धीवर, तौसीफ चौहान, भावेश सोनकर और सौरभ ने 2-2 विकेट, जबकि अमन ने 1 विकेट हासिल किया।


91 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सृजन सोनकर स्कूल की टीम भी शुरुआती झटकों से जूझती नजर आई। हालांकि मध्यक्रम में अमन ने 30 रन, तामेश ने 24 रन और सागर ने 12 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से जीत दिलाई।
द आरंभ स्कूल नरदहा की ओर से आदर्श और मोहित ने 3-3 विकेट तथा शौर्य, अभिमन्यु और सिद्धार्थ ने 1-1 विकेट लेकर मैच में वापसी की भरपूर कोशिश की। शानदार गेंदबाजी के लिए तौसीफ चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग बना सीजन-1 चैंपियन
प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद और पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग के बीच खेला गया। स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
फाइनल मुकाबले के दबाव में स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। अमन खान के 14 रन और सौरभ के 11 रनों को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सका। पूरी टीम 12.1 ओवर में मात्र 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग की ओर से तन्मय, मोनिष और आदित्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि पृथ्वी ने 1 विकेट लिया।


70 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। पृथ्वी साहू ने नाबाद 29 रन और ईशांत डहरिया ने 22 रनों की शानदार पारी खेली। टीम ने महज 10 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से जीत दर्ज करते हुए इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-1 की विजेता बनी। फाइनल में 3 विकेट लेने वाले मोनिष साहू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन उपस्थित रहे। उनके साथ पार्षद प्रतिनिधि खिलेश धुरंधर, वेदप्रकाश देवांगन, आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू एवं सचिव मनीष सोनकर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए पुरस्कार प्रदान किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार कोमल जांगड़े, बेस्ट बॉलर सौरभ साहू, बेस्ट ऑलराउंडर पृथ्वी साहू, बेस्ट विकेटकीपर लक्ष्मी नारायण, मैन ऑफ द सीरीज ईशांत डहरिया तथा इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार रियांश चंद्राकर और रुद्राक्ष को दिया गया। वहीं पॉवर गर्ल्स ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब शुभ ढीढ़ी को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं स्कूली बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, व्यायाम शिक्षक, शिक्षकगण, आरंग युवा एवं खेल संगठन के सदस्य तथा आरंग क्रिकेट क्लब से अश्वनी रात्रे, राजेश्वरी रात्रे और अनुज साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।







