Home चर्चा में धनतेरस-दीपावली को लेकर रतनपुर का बाजार गुलजार, आज से शुरू होगी बंपर...

धनतेरस-दीपावली को लेकर रतनपुर का बाजार गुलजार, आज से शुरू होगी बंपर खरीदारी; सोना-चांदी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक सजे बाजार

12
0

रतनपुर। दीपावली और धनतेरस के त्योहार को लेकर रतनपुर के मुख्य बाजार में रौनक अपने चरम पर पहुंचने लगी है। शहर का प्रमुख बड़ा बाजार रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और सजी-धजी दुकानों से जगमगा उठा है। त्योहार को देखते हुए व्यापारियों ने अपनी दुकानों में विशेष तैयारियां की हैं। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और बर्तनों की दुकानों में ग्राहकों को लुभाने के लिए नए कलेक्शन के साथ आकर्षक ऑफर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आज से बाजार में खरीदारी का सिलसिला और तेज होगा।

सोना-चांदी की दुकानों में नए डिजाइन की भरमार

धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते सराफा बाजार में विशेष तैयारियां की गई हैं। ज्वेलर्स ने ग्राहकों के लिए आकर्षक डिजाइन के हार, चेन, अंगूठी, पायल और सोने-चांदी के सिक्के सजाकर रखे हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कुछ दुकानों पर मेकिंग चार्ज में छूट और विशेष उपहार देने की तैयारी भी की गई है।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आकर्षक ऑफरों की धूम

त्योहारी सीजन को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में भी रौनक बढ़ गई है। टीवी, फ्रिज, मोबाइल, मिक्सर, वाशिंग मशीन सहित अन्य घरेलू उपकरणों की आकर्षक रेंज उपलब्ध है। कई दुकानों पर कैशबैक, जीरो प्रतिशत ईएमआई और मुफ्त उपहार जैसे ऑफरों के जरिए ग्राहकों को आकर्षित किया जा रहा है।

कपड़ों की दुकानों में दीपावली कलेक्शन की धूम

दीपावली के लिए नए कपड़ों की खरीदारी को लेकर रेडीमेड और कपड़ा दुकानों में भी विशेष तैयारी है। महिलाओं के लिए आकर्षक साड़ियां, युवाओं के लिए जींस और ट्रेंडी परिधान तथा बच्चों के लिए नए डिजाइन के कपड़ों की भरपूर रेंज सजाई गई है। दुकानदारों को त्योहार के दौरान अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी को लेकर उत्साह

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा को देखते हुए बर्तन बाजार में भी खास रौनक नजर आ रही है। स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों के साथ पूजा की थाली, कुकर और घरेलू उपयोग की अन्य सामग्री दुकानों में सजाई गई है। त्योहार नजदीक आते ही इन दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।

व्यापारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस बार दीपावली और धनतेरस पर अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है। इसी को ध्यान में रखते हुए दुकानों में पर्याप्त सामान का स्टॉक रखा गया है और ग्राहकों के लिए आकर्षक ऑफर भी तैयार किए गए हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए रतनपुर पहुंचेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

त्योहारी सीजन में बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले चौराहों और प्रमुख पार्किंग स्थलों पर पुलिस जवानों की तैनाती की व्यवस्था की गई है। जाम की स्थिति से निपटने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here