Home कोरबा कुसमुंडा क्षेत्र में जूनियर रीक्रिएशन क्लब की सदस्यता शुल्क कटौती पर लगी...

कुसमुंडा क्षेत्र में जूनियर रीक्रिएशन क्लब की सदस्यता शुल्क कटौती पर लगी रोक, कर्मचारियों को मिली राहत

6
0

कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह

HMS की पहल और लगातार वार्ता के बाद प्रबंधन ने जारी किया आधिकारिक आदेश, कटौती बंद कराने के लिए कर्मचारियों को 7 दिनों के भीतर देना होगा लिखित आवेदन

कुसमुंडा। कुसमुंडा क्षेत्र के कर्मचारियों के हितों से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में कोयला मजदूर सभा (HMS) की पहल के बाद प्रबंधन ने जूनियर रीक्रिएशन क्लब (JRC) की सदस्यता शुल्क कटौती पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रबंधन की ओर से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। प्रबंधन के इस फैसले से उन कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अपने वेतन से JRC की सदस्यता शुल्क कटौती बंद कराना चाहते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा क्षेत्र के जूनियर रीक्रिएशन क्लब (जे.आर.सी.) की सदस्यता शुल्क कर्मचारियों के वेतन से काटे जाने के विरोध में कोयला मजदूर सभा (HMS) के क्षेत्रीय कल्याण समिति सदस्य श्री निरंजन सिंह ने प्रबंधन के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने सदस्यता शुल्क की अनिवार्य कटौती को कर्मचारियों के हितों के विपरीत बताते हुए प्रबंधन को लिखित पत्र सौंपा और इस पर रोक लगाने की मांग की थी।

इस मुद्दे को लेकर HMS प्रतिनिधि और प्रबंधन के बीच लगातार वार्ताएं हुईं। वार्ता के दौरान कर्मचारियों की आपत्तियों और उनकी मांगों को प्रमुखता से रखा गया। संगठन की निरंतर पहल और प्रयासों के बाद आखिरकार प्रबंधन ने सदस्यता शुल्क कटौती बंद कराने के संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।

जारी सूचना के अनुसार, जो कर्मचारी अपने वेतन से जूनियर रीक्रिएशन क्लब (JRC) की सदस्यता शुल्क कटौती बंद कराना चाहते हैं, वे आगामी 7 दिनों के भीतर संबंधित कार्यालय में अपना लिखित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन देने वाले कर्मचारियों की कटौती बंद करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस निर्णय को कोयला मजदूर सभा (HMS) ने कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्रबंधन के सामने मजबूती से उठाना और उनका समाधान सुनिश्चित कराना ही संगठन की प्राथमिकता है।

HMS प्रतिनिधि श्री निरंजन सिंह की पहल और लगातार प्रयासों के बाद मिले इस निर्णय से कर्मचारियों में राहत और संतोष का माहौल है। संगठन ने सभी संबंधित कर्मचारियों से अपील की है कि यदि वे JRC की सदस्यता शुल्क कटौती बंद कराना चाहते हैं, तो निर्धारित 7 दिनों के भीतर अपना लिखित आवेदन अवश्य जमा करें, ताकि उन्हें इस निर्णय का लाभ मिल सके।

कोयला मजदूर सभा (HMS) ने दोहराया कि संगठन भविष्य में भी श्रमिकों के अधिकारों, सुविधाओं और हितों से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here