कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय स्टार पुरुष खिलाड़ी लक्ष्य सेन का सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के वर्ल्ड नंबर 10 खिलाड़ी अलवी फरहान को मात देकर फाइनल में जगह बनाने के साथ इतिहास रच दिया है। लक्ष्य सेन अब पहले ऐसे भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बन गए हैं जो जापान मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के इतिहास में फाइनल मैच तक पहुंचने में कामयाब हो सके हैं। इंडोनेशिया के खिलाड़ी अलवी फरहान के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में लक्ष्य सेन ने तीन सेटों तक चले मुकाबले को 70 मिनट में अपने नाम करने के साथ खिताबी मैच के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया।
जापान मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत लक्ष्य सेन ने इंडोनेशियाई खिलाड़ी अलवी फरहान के खिलाफ काफी शानदार तरीके से की थी, जिसमें उन्होंने पहले सेट को एकतरफा 21-12 के अंतर से अपने नाम किया था, जिसमें अलवी को वापसी करने का लक्ष्य ने कोई भी मौका नहीं दिया। इसके बाद सभी को उम्मीद थी कि लक्ष्य दूसरा सेट भी जीत लेंगे लेकिन अलवी फरहान ने इस सेट में शुरू से ही शानदार शुरुआत करने के साथ बढ़त बनाकर रखी हुई थी और 21-15 से जीत हासिल करते हुए मुकाबला 1-1 से बराबरी पर ला दिया जिससे यह मैच तीसरे और निर्णायक सेट में पहुंच गया।
लक्ष्य सेन ने दूसरे सेट में मिली हार को जल्द ही पीछे छोड़ने के साथ अपने खेल में तीसरे सेट में सुधार करने के साथ इंडोनेशिया के खिलाड़ी अलवी फरहान को कड़ी टक्कर देने के साथ उनके खिलाफ अपनी बढ़त को बनाए रखा हुआ था। लक्ष्य सेन ने इस सेट को 21-11 के अंतर से जीतने के साथ मुकाबला 2-1 के अंतर से अपने नाम किया और फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है, जहां उनका सामना अब कोनी वतनबे या फिर पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी कुनलावुत विटिडसार्न से होगा। लक्ष्य सेन के लिए अभी तक साल 2026 का सीजन काफी शानदार रहा है, जिसमें इससे पहले वह HYLO ओपन में खिताब जीतने और ऑल इंग्लैंड में उपविजेता रहने के बाद, यह मौजूदा 2026 सीजन में यह उनका तीसरा फाइनल होगा।







