संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
स्कूल के पास लंबे समय से नशे का कारोबार चलने का आरोप थाना बुलाकर कथित तौर पर छोड़ने की चर्चा से ग्रामीणों में आक्रोश
जिला बिलासपुर/मस्तूरी। पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ओखर में कथित गांजा बिक्री का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शासकीय स्कूल के आसपास गांजा बिक्री किए जाने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में राधे साहू के घर में एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से गांजा बेचते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इस मामले को लेकर पहले भी समाचार प्रकाशित किया जा चुका है लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम ओखर में लंबे समय से गांजा बिक्री का कारोबार संचालित होने की शिकायतें की जाती रही हैं। आरोप है कि इस अवैध गतिविधि की जानकारी संबंधित पुलिसकर्मियों और पचपेड़ी थाना तक पहुंचाई गई थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
खबर प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं
सबसे गंभीर सवाल यह है कि जब मामले को लेकर वीडियो वायरल हुआ और समाचार के माध्यम से भी पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, तो अब तक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं हुई ग्रामीणों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि गांजा बिक्री का यह कथित कारोबार राधे साहू के घर से लंबे समय से संचालित किया जा रहा था।
थाने बुलाने के बाद कथित तौर पर छोड़ने की चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में संबंधित व्यक्ति को थाने बुलाए जाने की चर्चा है लेकिन बाद में कथित तौर पर आपसी बातचीत के बाद उसे छोड़ दिया गया। हालांकि इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि ऐसा हुआ है तो यह जांच का विषय है कि पूछताछ के बाद किस आधार पर उसे छोड़ा गया और मामले में आगे की कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
वहीं ग्रामीणों के बीच पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस और कथित गांजा कारोबार से जुड़े लोगों के बीच मिलीभगत अथवा संरक्षण की आशंका जताई है। हालांकि इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच और आधिकारिक पुष्टि होना आवश्यक है।
स्कूल के आसपास नशे का कारोबार विद्यार्थियों के भविष्य पर खतरा
शासकीय स्कूल के आसपास इस तरह के कथित नशे के कारोबार की शिकायत बेहद चिंताजनक है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इसका सीधा दुष्प्रभाव विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी पर पड़ सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर एवं वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाए, संबंधित व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल हो तथा पचपेड़ी थाना स्तर पर अब तक हुई कार्रवाई की भी जांच की जाए। आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब सवाल थाना प्रभारी की जवाबदेही का
ग्राम ओखर में कथित गांजा बिक्री का मामला अब केवल अवैध नशे के कारोबार तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर भी सवाल खड़े कर रहा है। आखिर वीडियो वायरल होने और समाचार प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं है क्या पुलिस प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा क्या संबंधित थाना स्तर पर शिकायतों और कार्रवाई की समीक्षा होगी
अब देखना होगा कि बिलासपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्राम ओखर में कथित गांजा बिक्री के मामले में कब तक ठोस कार्रवाई सामने आती है।





