संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने खोखरा एवं कुटरा धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर खरीदी कार्य एवं किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समिति प्रबंधको से एग्रीस्टैक पंजीयन, धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या तथा टोकन वितरण की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने, धान की व्यवस्थित स्टैकिंग करने तथा पेयजल, छाया, शेड सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने तथा केंद्रों में निगरानी एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।
इस अवसर पर उप पंजीयक सहकारिता श्रीमती मंजू पांडेय, जिला खाद्य अधिकारी श्री संदीप पांडेय ,जिला विपणन अधिकारी श्री मनोज यादव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







