संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
पं. दीनदयाल उपाध्याय हिन्दी विद्यापीठ, मथुरा द्वारा हबेल सिंह अघरिया एवं श्रीमती पूर्णिमा सिंह अघरिया को ‘विद्या वाचस्पति’ सम्मान से किया गया अलंकृत
कोरबा सहित छत्तीसगढ़ में हर्ष की लहर
छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अनवरत सेवा और उल्लेखनीय योगदान के लिए हबेल सिंह अघरिया एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती पूर्णिमा सिंह अघरिया को डॉक्टरेट की उपाधि ‘विद्या वाचस्पति’ से सम्मानित किया गया। पं. दीनदयाल उपाध्याय हिन्दी विद्यापीठ, वृन्दावन धाम, मथुरा द्वारा विगत दिनों देश की राजधानी नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य हिन्दी संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में अघरिया दंपति को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंटकर यह प्रतिष्ठित उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविदों, साहित्यकारों, लेखकों, शिक्षकों एवं विद्वतजनों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए विद्या वाचस्पति एवं विद्या वारिधि सारस्वत सम्मान से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ. अरविन्द कुमार थे। अध्यक्षता विद्यापीठ के कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र ‘देवेन्दु’ ने की। मुख्य वक्ता के रूप में सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इन्द्रजीत सिंह तथा अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ, उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरविन्द कुमार ने हिन्दी भाषा की बढ़ती लोकप्रियता और व्यापक स्वीकार्यता का उल्लेख करते हुए इसे राष्ट्रभाषा का दर्जा दिए जाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 343(1) के अंतर्गत हिन्दी को संघ की राजभाषा के रूप में प्राप्त संवैधानिक मान्यता का उल्लेख किया। विद्यापीठ के कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र ने बताया कि संस्था द्वारा हिन्दी लेखन, शिक्षा के उन्नयन, पर्यावरण जागरूकता, चिकित्सा सेवा, विधि सहायता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के आधार पर सम्मानित किया जाता है।
मुख्य वक्ता डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने मानव जीवन कौशल शिक्षा पर सारगर्भित विचार व्यक्त करते हुए युवा पीढ़ी से हिन्दी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित विद्वतजनों ने हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं उत्थान के लिए अपने विचार साझा किए।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री भुवनेश्वर देवांगन, संभागीय अध्यक्ष तरुण राठौर, संभागीय सचिव प्रमोद हंसराज, जिलाध्यक्ष जांजगीर-चांपा डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, संगठन मंत्री राजेन्द्र जायसवाल, सचिव लक्ष्मीनारायण तिवारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप श्रीवास, जय तिवारी सहित शिक्षक साथियों एवं विभिन्न संगठनों सहित पारिवारिक समाजिक लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए हबेल सिंह अघरिया एवं श्रीमती पूर्णिमा सिंह अघरिया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।







