Home चर्चा में जनजातीय गौरव दिवस पर बीजापुर में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत...

जनजातीय गौरव दिवस पर बीजापुर में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत का भव्य संगम

6
0
बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
जनजातीय महानायकों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को किया नमन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुई आदिवासी संस्कृति
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को मिली नई दिशा—विधायक श्री विक्रम उसेंडी
विभिन्न विभागों की आकर्षक प्रदर्शनी में दिखी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक
बीजापुर, 18 नवंबर 2026/जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महानायकों के अतुलनीय योगदान को समर्पित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन एजुकेशन सिटी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर, बीजापुर में किया गया। समारोह में आदिवासी संस्कृति, लोककला, परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास की अनुपम झलक देखने को मिली। जनजातीय महानायकों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को नमन करते हुए समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।
समारोह के मुख्य अतिथि अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेंडी रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, पूर्व मंत्री  महेश गागड़ा सहित जनप्रतिनिधियों, आदिवासी समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास देश की अमूल्य धरोहर—विधायक श्री विक्रम उसेंडी
मुख्य अतिथि विधायक श्री विक्रम उसेंडी ने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान की प्रेरणादायी गाथाओं से भरा हुआ है। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय महानायकों ने देश की स्वतंत्रता, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और समाज के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इस महत्वपूर्ण पहल से देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, महानायकों और उनके संघर्षों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान एवं सम्मान मिला है।
श्री उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समुदायों एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल, बिजली और आजीविका की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। बस्तर एवं बीजापुर जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज एवं क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी— जानकी कोरसा
जिला पंचायत अध्यक्ष  जानकी कोरसा ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककला, भाषा और जीवनशैली हमारी विशिष्ट पहचान हैं। जनजातीय समाज ने सदैव प्रकृति के संरक्षण, सामुदायिक एकता, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को संजोकर रखना और नई पीढ़ी को इससे परिचित कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकी कोरसा ने कहा कि आज जनजातीय समाज की बेटियां और युवा शिक्षा, खेल, स्वरोजगार तथा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहते हुए शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज को मिला सम्मान और विकास के नए अवसर—पूर्व मंत्री  महेश गागड़ा
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महानायकों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अविस्मरणीय है। जनजातीय वीरों ने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान से देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ ही समाज के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत, जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में संग्रहालयों का विकास, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का विस्तार तथा जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष योजनाओं का संचालन इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
 गागड़ा ने कहा कि बीजापुर सहित पूरे बस्तर अंचल में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के महानायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकास, एकता और आत्मनिर्भरता का संकल्प लेने का दिन है।
विभागीय प्रदर्शनी में दिखी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक
जनजातीय गौरव दिवस समारोह के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग, आदिवासी विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए। इन प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम नागरिकों को उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण, पोषण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। वन विभाग द्वारा वन संरक्षण, वनोपज एवं वन आधारित आजीविका गतिविधियों तथा आदिवासी विकास विभाग द्वारा जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
इसी प्रकार ऊर्जा विभाग द्वारा विद्युत सुविधाओं के विस्तार एवं विभागीय योजनाओं तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और खेल प्रतिभाओं के विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। अन्य विभागों द्वारा भी अपने-अपने विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं और गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।
विभागीय प्रदर्शनी जनजातीय अंचलों में संचालित विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी। इसके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुई जनजातीय समाज की समृद्ध परंपरा
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में आदिवासी संस्कृति, लोककला और पारंपरिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया गया।
समारोह ने जनजातीय समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा पारंपरिक कला, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से जनजातीय महानायकों के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आदिवासी समाज के पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष  जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष  गीता सोम पुजारी, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे सहित जिला पंचायत के सदस्यगण, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण, विभिन्न आदिवासी समाजों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनजातीय गौरव दिवस का यह जिला स्तरीय भव्य आयोजन आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान, जनजातीय महानायकों के त्याग एवं बलिदान के स्मरण तथा समाज की एकता, स्वाभिमान, सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के संकल्प का प्रतीक बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here