Home चर्चा में कागजों के फेर में दम तोड़ रही गरीबों की राहत, सरकारी योजनाओं...

कागजों के फेर में दम तोड़ रही गरीबों की राहत, सरकारी योजनाओं का लाभ पाने दफ्तरों के चक्कर काट रहे जरूरतमंद

5
0

-राशन कार्ड में बच्चों के नाम जुड़वाने से लेकर 2500 रुपए की श्रद्धांजलि राशि तक के लिए परेशानी, जन्म-मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र बनवाने में भी बढ़ीं मुश्किलें; कांग्रेस पार्षद दल ने कलेक्टर और निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

रेशमा लहरे/बिलासपुर। गरीबों और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात ऐसे हैं कि पात्र हितग्राही अपने ही हक की सुविधाएं पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। कहीं राशन कार्ड में बच्चों के नाम जुड़वाने के लिए परिवार परेशान हैं, तो कहीं परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली 2500 रुपए की श्रद्धांजलि सहायता भी दस्तावेजों और पुरानी सर्वे सूची की शर्तों में उलझकर रह गई है। जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया भी आम लोगों के लिए आसान नहीं रह गई है। राहत देने वाली योजनाएं ही जब कागजी औपचारिकताओं का बोझ बन जाएं, तो सबसे ज्यादा परेशानी गरीब परिवारों को उठानी पड़ती है।

इन जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे को ज्ञापन सौंपा। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचने में प्रशासनिक प्रक्रियाएं बाधा बन रही हैं। पात्र परिवार छोटी-छोटी औपचारिकताओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है।

राशन कार्ड में बच्चों के नाम जोड़ना बना चुनौती

कांग्रेस पार्षद दल ने राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। भरत कश्यप का कहना है कि राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्यों, विशेषकर बच्चों के नाम जुड़वाने के लिए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांच वर्ष तक के बच्चों के नाम राशन कार्ड से काटे जाने और नए नाम जोड़ने के लिए जाति प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र जैसी शर्तों के कारण गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिन बच्चों को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिलना चाहिए, उनके नाम ही कार्ड में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। इससे परिवारों को सरकारी राशन की सुविधा पाने में परेशानी हो रही है।

मौत के बाद भी 2500 रुपए की सहायता के लिए भटक रहे परिवार

गरीब परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी श्रद्धांजलि योजना में सामने आ रही है। भरत कश्यप ने कहा कि परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए शासन की ओर से 2500 रुपए की आर्थिक सहायता का प्रावधान है, लेकिन वर्ष 2007-08 की सर्वे सूची में नाम दर्ज होने की अनिवार्यता के कारण अनेक जरूरतमंद परिवार इस लाभ से वंचित हो रहे हैं। उनका दावा है कि करीब 95 प्रतिशत निम्न आय वर्ग के पात्र हितग्राही इस शर्त के चलते योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस परिवार पर पहले से दुखों का पहाड़ टूटा हो, उसे आर्थिक मदद देने के बजाय पुराने दस्तावेजों और पात्रता की शर्तों में उलझाना कहां तक उचित है।

प्रमाण पत्र के लिए अब न्यायालय के चक्कर लगाने की नौबत

जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को लेकर भी कांग्रेस पार्षद दल ने चिंता जताई है। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार के नए दिशा-निर्देशों के तहत एक माह से अधिक पुराने पंजीयन के मामलों में सिविल न्यायाधीश के आदेश की अनिवार्यता से आम नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। सामान्य प्रक्रिया से प्रमाण पत्र बनवाने की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को अब न्यायालय की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ रहे हैं।

नियमों में सरलता लाने की मांग

कांग्रेस पार्षद दल ने मांग की है कि राज्य और केंद्र सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए इन नियमों की समीक्षा करें तथा पात्र हितग्राहियों को राहत देने के लिए प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। राशन कार्ड में नाम जोड़ने, श्रद्धांजलि सहायता और जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक जटिलताओं को दूर कर पूर्ववत सरल व्यवस्था लागू की जाए।

भरत कश्यप ने कहा कि सरकारी योजनाओं का मूल उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को सहारा देना है। यदि पात्र व्यक्ति को लाभ लेने के लिए ही दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ें और दस्तावेजों के अभाव में उसे वापस लौटना पड़े, तो योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अधूरा रह जाता है। प्रशासन को इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आम जनता को तत्काल राहत दिलानी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने वालों में संतोषी रामा बघेल, शहजादी कुरैशी, सुनीता गोयल, दिलीप पाटिल, मनहरण कौशिक, मोहन श्रीवास, अनीता कश्यप, रीता कश्यप, शेख असलम, पुष्पेंद्र साहू, ओम कश्यप, सुनील सोनकर, सीमा राजेश शुक्ला, अमित भारते सहित कांग्रेस पार्षद दल के सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here