बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
शिक्षा, सुरक्षा और समानता का दिया संदेश, बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी
खेलकूद, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, 38 प्रतिभागियों की रही सहभागिता
बीजापुर, 20 नवंबर 2026/ बच्चों के अधिकारों के संरक्षण, शिक्षा के प्रति जागरूकता और सुरक्षित बचपन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिखर युवा मंच एवं एसबीआई फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से संचालित एसबीआई संजीवनी–क्लिनिक ऑन व्हील्स (मोबाइल मेडिकल यूनिट), बीजापुर द्वारा बाल अधिकार सप्ताह के अंतर्गत ग्राम संतोषपुर स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को बाल अधिकारों, बालिका शिक्षा, समानता और बाल सुरक्षा का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न रचनात्मक एवं खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसबीआई संजीवनी टीम ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा का अधिकार, बालिका शिक्षा, समानता का अधिकार तथा बच्चों के 10 प्रमुख बाल अधिकारों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, सम्मान और सर्वांगीण विकास के समान अवसर प्राप्त होने चाहिए। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया गया।
बाल सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी
कार्यक्रम में बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1098 के महत्व से अवगत कराया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि किसी भी बच्चे के साथ हिंसा, शोषण, बाल श्रम, बाल विवाह, उपेक्षा अथवा अन्य संकटपूर्ण परिस्थिति उत्पन्न होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। बच्चों को अपने आसपास जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त बच्चों की सहायता के लिए भी जागरूक किया गया।
जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को दिया बाल अधिकारों के संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बच्चों द्वारा निकाली गई बाल अधिकार जागरूकता रैली रही। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लेकर गांव में बालिका शिक्षा, बाल सुरक्षा, समानता एवं प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बच्चों के अधिकारों के संरक्षण और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
खेलकूद, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में विभिन्न इनडोर खेलकूद गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही शिक्षा एवं समानता विषय पर निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता, विचारों और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों से बच्चों को मनोरंजक वातावरण में सीखने और अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।
32 छात्र-छात्राओं सहित 38 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में विद्यालय की 4 शिक्षिकाएं, 2 शिक्षक एवं 32 छात्र-छात्राओं सहित कुल 38 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
एसबीआई संजीवनी टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के सफल संचालन में एसबीआई संजीवनी मोबाइल मेडिकल यूनिट, बीजापुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर परियोजना समन्वयक श्री मुकेश मानिकपुरी चिकित्सक डॉ. सविता चंद्राकर लैब टेक्नीशियन सुश्री मनोरमा उसेंडी, स्टाफ नर्स सुश्री खुशबूलता चौधरी फार्मासिस्ट श्री योगेश लिंगम एवं पायलट/वाहन चालक श्री सियाराम कुड़ियाम उपस्थित रहे।
शिखर युवा मंच एवं एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से संचालित एसबीआई संजीवनी की यह पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि
हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार है। बच्चों के अधिकारों का संरक्षण ही एक शिक्षित, सशक्त और सुरक्षित समाज की आधारशिला है।







