Home चर्चा में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, रकबा समर्पण बढ़ाने और लंबित कार्यों में...

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, रकबा समर्पण बढ़ाने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

4
0
रिपोर्ट-खिलेश साहू
धमतरी-  कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी व्यवस्था में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही अधिक से अधिक रकबा समर्पण सुनिश्चित करने और खरीफ विपणन वर्ष से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने कहा।
          कलेक्टर ने कृषक पंजीयन में आ रही समस्याओं, फसल क्षति और किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चावल जमा करने की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिन राइस मिलर्स द्वारा अब तक चावल जमा नहीं किया गया है, उन्हें नोटिस जारी करने कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसानों को पतले धान के विक्रय में जहां अधिक लाभ मिल रहा हो, वहां उन्हें विक्रय के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
             बैठक में रबी फसल के लिए समितियों की तैयारी, प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत खरीदी जाने वाली फसलों, किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं तथा टीकाकरण, दुग्ध संग्रहण और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने केसीसी का दायरा बढ़ाने, पशु सखी पंजीयन में तेजी लाने के साथ मखाना उत्पादन, कृषक उन्नति योजना और ऑयल पाम की स्थिति की भी जानकारी ली।
विकास कार्यों में देरी पर जताई गंभीरता, शीघ्र शुरू करने के निर्देश
           कलेक्टर ने जिले में स्वीकृत एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यों को अनावश्यक विलंब के बिना शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने अम्बेडकर चौक के सर्वे, रेलवे से जुड़े कार्य, कांटा तालाब, इंडोर स्टेडियम, नवीन ऑडिटोरियम और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आगामी दिनों में आयोजित होने वाले सरस मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने व्यवसायिक परिसर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति जानी। सार्थक स्कूल के छात्रावास निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने तथा पात्र हितग्राहियों को पेंशन का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और शिकायतों के निराकरण पर जोर
           कलेक्टर ने स्वामित्व योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने कहा। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। हड़ताल से वापस लौटे पटवारियों को डीएससी और नक्शा-बटांकन के कार्यों में लगाने को कहा, ताकि राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण हो सके।
उन्होंने बताया कि अकलाडोंगरी-सिंगपुर में लिंक कोर्ट प्रारंभ हो चुका है। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड के पांच-पांच गांवों का चिन्हांकन कर अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने कहा।
ई-ऑफिस से बढ़ेगी कार्यों में पारदर्शिता और गति
         बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस की उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसलिए सभी अधिकारी अधिक से अधिक कार्यालयीन फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से सुनिश्चित करें। इससे शासकीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी और फाइलों के निराकरण में तेजी आएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here