योगेंद्र राठौर/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां हत्या के मामले में सजा काट रहा एक बंदी पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद पिछले 18 वर्षों से फरार है। महज 10 दिन की पैरोल मिलने के बाद जेल से निकला बंदी निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा। इतने लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने के बाद अब पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन को 23 जुलाई 2008 को केंद्रीय जेल रायपुर से 10 दिनों की पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद उसे वापस जेल में उपस्थित होना था, लेकिन वह निर्धारित तारीख पर जेल नहीं पहुंचा। इसके बाद से बंदी लगातार फरार चल रहा है।
मामले में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर फरार बंदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। पत्र में बताया गया कि बंदी क्रमांक 9480/95 गणेश देवांगन को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश पर पैरोल दी गई थी, लेकिन अवधि समाप्त होने के बावजूद वह जेल वापस नहीं लौटा।
बंदी का पुराना पता पुरानी बस्ती क्षेत्र के मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक के आसपास का बताया गया है। जेल प्रशासन द्वारा भेजे गए दस्तावेजों और थाना क्षेत्र की जांच के बाद मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का पाया गया।
केंद्रीय जेल प्रशासन ने यह मामला उच्च न्यायालय से संबंधित होने का हवाला देते हुए फरार बंदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी और एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया था। इसके बाद जेल से प्राप्त पत्र और दस्तावेजों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया है।
18 साल बाद भी नहीं मिला सुराग
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हत्या के मामले में सजा काट रहा बंदी आखिर 18 वर्षों तक कहां छिपा रहा और इतने लंबे समय तक उसका पता क्यों नहीं चल पाया? फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। पुलिस के सामने अब फरार बंदी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने की चुनौती है।







