Home मुख्य ख़बरें अब चिप्स-बिस्किट के पैकेट पर लगेगा लाल चेतावनी निशान! सुप्रीम कोर्ट का...

अब चिप्स-बिस्किट के पैकेट पर लगेगा लाल चेतावनी निशान! सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, ज्यादा नमक-चीनी और फैट वाले खाद्य पदार्थों पर होगी साफ चेतावनी

9
0

बाजार से चिप्स, बिस्किट और अन्य पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदने वाले उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। सुप्रीम कोर्ट ने लोगों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लगाने के निर्देश दिए हैं। अब ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट पर बड़े लाल रंग के निशान में स्पष्ट चेतावनी देनी होगी।

जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने 26 नवंबर, संविधान दिवस के मौके पर यह अहम फैसला सुनाया। आदेश के अनुसार, ज्यादा फैट, शुगर और नमक वाले उत्पादों पर अलग-अलग लाल रंग के हेक्सागन (षट्कोण) लेबल लगाए जाएंगे। इनमें बड़े अक्षरों में ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ और ‘HIGH SALT’ लिखा होगा। इन चेतावनी निशानों का आकार पैकेट के सामने वाले हिस्से का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत होना चाहिए, ताकि ग्राहक इन्हें आसानी से देख सकें।

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि खाद्य पदार्थों की लेबलिंग में केवल एडेड शुगर नहीं, बल्कि टोटल शुगर, सैचुरेटेड फैट और नमक की मात्रा को आधार बनाया जाए। इसके लिए नए सिरे से थ्रेशोल्ड तय करने होंगे। कोर्ट ने DGI 2024 की टेबल 15.1 को बिना बदलाव लागू करने से भी इनकार किया है।

अदालत ने FSSAI को नए नियमों का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए चार महीने की समयसीमा दी है। साथ ही, प्रगति की जानकारी देने के लिए 10 सप्ताह बाद कोर्ट में रिपोर्ट पेश करनी होगी। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोर्ट ने बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में न्यूट्रिशनल लिटरेसी को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव और विशेष वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। इस फैसले का उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों के नुकसान के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर खानपान के विकल्प चुनने में मदद करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here