Home मुख्य ख़बरें क्या बोतलबंद पानी है सुरक्षित? Bisleri समेत सभी ब्रांड की होगी जांच,...

क्या बोतलबंद पानी है सुरक्षित? Bisleri समेत सभी ब्रांड की होगी जांच, FSSAI ने देशभर में शुरू की सैंपलिंग; 1-2 महीने में आएगी रिपोर्ट

1
0

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भी ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के सैंपल लेने शुरू कर दिए हैं। FSSAI के सीईओ राजित पुनहानी के मुताबिक, जांच की रिपोर्ट आने में एक से दो महीने का समय लग सकता है। उन्होंने बुधवार को बताया कि बोतलबंद पानी की जांच की प्रक्रिया पूरे देश में शुरू हो चुकी है। भारत जैसे बड़े देश में अलग-अलग जगहों से सैंपल इकट्ठा करने और उनकी लैब में जांच करने में समय लगेगा। इस पूरी प्रक्रिया में कम से कम एक से दो महीने लग सकते हैं।

राजित पुनहानी ने साफ किया कि इस अभियान का मकसद लोगों के बीच डर पैदा करना नहीं, बल्कि कंपनियों से खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करवाना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। FSSAI ने राज्य के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को भी निगरानी, निरीक्षण और सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है, जब FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के एक बोतलबंद पानी के सैंपल को असुरक्षित घोषित किया। हालांकि, बिसलेरी ने सोमवार को अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताया था और कहा था कि वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी। FSSAI के सीईओ ने कहा कि कंपनी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया सामान्य नियामकीय कार्रवाई का हिस्सा है।

FSSAI अब केवल खाद्य और पेय पदार्थों तक ही सीमित नहीं रहना चाहता। राजित पुनहानी ने बताया कि नियामक जल्द ही खाद्य उत्पादों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री की भी जांच शुरू करेगा। पिछले एक साल में दूध, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक और मीठे पेय पदार्थों की जांच की जा चुकी है। इसके अलावा, कंपनियों को भ्रामक विज्ञापनों और उत्पादों के लेबल पर गलत दावे करने से बचने की चेतावनी दी गई है। FSSAI ने कंपनियों को अपने स्तर पर भी नियमित गुणवत्ता जांच की व्यवस्था बनाने की सलाह दी है।

नवंबर 2024 में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर को हाई-रिस्क फूड कैटेगरी में शामिल किया गया था। वहीं, दिसंबर 2025 में इनके लिए अलग टेस्टिंग स्कीम निर्धारित की गई थी। अब देशव्यापी जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि बाजार में बिकने वाले अलग-अलग ब्रांड के बोतलबंद पानी तय सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here