सारंगढ़ संवाददाता – लक्ष्मी नारायण लहरे
सारंगढ़। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अराधना रूरल हेल्पेज फाउंडेशन द्वारा संचालित सुग्घर सारंगढ़ अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 स्थित काली मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
सारंगढ़ नगर 13 के पार्षद सत्येंद्र सिंह की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने अभियान में सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा इस प्रकार के सामाजिक प्रयासों को शहर के विकास एवं जनजागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अभियान में अराधना रूरल हेल्पेज फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर एवं आसपास फैली गंदगी की सफाई कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि सुग्घर सारंगढ़ अभियान केवल एक सफाई कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक चेतना का एक प्रयास है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी आवश्यक है।
अराधना रूरल हेल्पेज फाउंडेशन ने नगरवासियों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों, मंदिर परिसरों, नालियों एवं आसपास के क्षेत्रों में कचरा न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
फाउंडेशन ने आगे भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनहितकारी अभियानों के माध्यम से सारंगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।







