Home चर्चा में बीजापुर में माओवादी डम्प से 4.29 करोड़ का 3.84 किलो सोना और...

बीजापुर में माओवादी डम्प से 4.29 करोड़ का 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपए नकद बरामद, DRG और BDS की संयुक्त कार्रवाई

2
0

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादी डम्प के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी बरामदगी मिली है। थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए स्टील के डिब्बे से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, थाना भैरमगढ़ और BDS की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।

थाना भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान BDS टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया।

डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें 10-10 तोले के कुल 33 सोने के बिस्किट मिले। इनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम है। सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपए के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद भी बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार, बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अब तक 8.24 करोड़ नकद और 12.34 किलो सोना बरामद

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के अलग-अलग स्थानों से माओवादी डम्प की बरामदगी के दौरान अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपए नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here