Home चर्चा में बड़ी करेली: चौकी के करीब अवैध कबाड़ का कारोबार, पुलिस की निगरानी...

बड़ी करेली: चौकी के करीब अवैध कबाड़ का कारोबार, पुलिस की निगरानी पर बड़ा सवाल

3
0

खिलेश साहू/धमतरी-

नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबार का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। नगर पंचायत बड़ी करेली सहित ग्राम खैरझिटी (मधुबन) में कथित रूप से बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ की दुकानें संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि लंबे समय से चल रहे इस कारोबार पर संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार बड़ी करेली, खैरझिटी में बड़े पैमाने पर कबाड़ का कारोबार संचालित हो रहा है। आरोप है कि कुछ दुकानों के पास न तो वैध लाइसेंस हैं और न ही कारोबार से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। इन दुकानों में बिना बिल और खरीद की रसीद के लोहा, तांबा, एल्युमीनियम सहित अन्य धातुओं की खरीदी-बिक्री किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री की आशंका

ग्रामीणों का आरोप है कि कबाड़ दुकानों में साइकिल, मोटरसाइकिल के पुराने पार्ट्स, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य संदिग्ध सामानों की खरीदी-बिक्री होती है। यहां तक कि सरकारी संपत्ति से जुड़े बिजली विभाग के केबल और अन्य सामग्रियों के कबाड़ में पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है। शासन की योजनाओं के तहत स्कूली बच्चों को वितरित की गई साइकिलों के कबाड़ में रखे होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और जांच होना बाकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दिनदहाड़े साइकिल और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। साइकिल चोरी होने पर कई लोग छोटी घटना समझकर थाने में शिकायत दर्ज कराने से भी बचते हैं। ऐसे में कबाड़ दुकानों में खरीदे जाने वाले सामानों का सत्यापन किया जाना आवश्यक है, ताकि चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल ?

कुछ स्थानीय सूत्रों ने आरोप लगाया है कि कबाड़ कारोबारियों से कथित तौर पर निचले स्तर के पुलिसकर्मियों द्वारा वसूली की जाती है। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रमाण सामने नहीं आया है। यदि आरोप सही हैं तो यह गंभीर जांच का विषय है। सवाल यह भी उठ रहा है कि लंबे समय से संचालित दुकानों के दस्तावेजों और वहां रखे सामानों का नियमित सत्यापन क्यों नहीं किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि एक कबाड़ दुकान थाना-चौकी के नजदीक भी संचालित है, जबकि संबंधित कारोबारी के दो स्थानों पर दुकान चलाने की जानकारी सामने आई है। जी एक ही व्यक्ति का होना बताया है। ग्रामीणों के अनुसार नयापारा (राजिम) के एक व्यक्ति का कारोबार का बताया जा रहा है। कबाड़ दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे सामान रखकर कारोबार किए जाने से यातायात भी प्रभावित होने की शिकायतें हैं। इससे आम नागरिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुकानों के लाइसेंस, गुमास्ता पंजीयन, जीएसटी दस्तावेजों और खरीदे गए कबाड़ के बिलों की जांच की जाए। साथ ही संदिग्ध सामान मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

चौकी प्रभारी….

इस संबंध में बड़ी करेली चौकी प्रभारी बंजारे से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कार्यालय में उपलब्ध नहीं मिले और फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। इसलिए इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया।अब देखना होगा कि संबंधित पुलिस विभाग और प्रशासन इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और बड़ी करेली एवं खैरझिटी में संचालित कबाड़ दुकानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हैं या नहीं। या पहले की तरह यह मामला भी दबा दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here