बीजापुर 28 नवंबर 2026/कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशन पर महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला – बीजापुर द्वारा वजन त्यौहार 2026-27 के सफल आयोजन हेतु जिला पंचायत संसाधन केंद्र, बीजापुर में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला स्तरीय कार्यशाला में जिले की सभी परियोजनाओं के पर्यवेक्षकों को वजन त्यौहार के आयोजन, बच्चों के वजन-ऊंचाई की सही माप, पोषण ट्रैकर में एंट्री एवं कुपोषित बच्चों के चिन्हांकन को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही परियोजना स्तर पर भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। परियोजना स्तर पर हुए प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को बताया गया कि वजन त्यौहार के दौरान प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र में 06 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत वजन एवं ऊंचाई लेना है, तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोरी बालिकाओं के पोषण स्तर की भी जांच करनी है।
बताया गया कि संचालनालय के निर्देशानुसार 01 दिसम्बर 2026 से 14 दिसम्बर 2026 तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में कलस्टरवार वजन त्यौहार का आयोजन किया जाएगा।
प्रशिक्षण में पर्यवेक्षकों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वजन की माप पूरी सावधानी एवं सही तरीके से करें, किसी भी बच्चे का वजन छूटे नहीं, तथा सभी जानकारी समय पर पोषण ट्रैकर में दर्ज करें, ताकि कुपोषण को कम करने के लिए सही कार्ययोजना बनाई जा सके।







