रिपोर्ट- खिलेश साहू
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी: पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर धमतरी पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा
पत्नी की हत्या कर छिपाए थे हथियार, केरेगांव पुलिस ने टंगिया, छुरी एवं तीर किया बरामद
थाना केरेगांव क्षेत्रांतर्गत ग्राम बाहनापथरा (कांटाकुर्रीडीह) में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का धमतरी पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी की धारदार एवं घातक हथियारों से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था। पुलिस ने सूक्ष्म विवेचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई तथा आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, छुरी एवं तीर बरामद किए हैं।
ग्राम कांटाकुर्रीडीह के कोटवार हीरासिंग देवदास द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि ग्राम बाहनापथरा कमार डेरा निवासी सत्या बाई कमार अपने घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी हैं। उनके माथे, ठुड्डी, भुजा एवं पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
सूचना प्राप्त होते ही थाना केरेगांव पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति राजकुमार कमार ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए बताया कि दिनांक 25 नवंबर 2026 की शाम लगभग 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर उसने अपनी पत्नी को घायल अवस्था में पाया, जिसकी कुछ समय बाद मृत्यु हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं साक्ष्यों से हुआ हत्या का खुलासा
पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मृतका के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण धारदार एवं वजनी वस्तु से शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचाना बताया गया, जिससे मामला हत्या का होना स्पष्ट हुआ।
विवेचना के दौरान सरपंच सत्यवान ध्रुव एवं कोटवार हीरासिंग देवदास के कथनों तथा घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति राजकुमार कमार से संदेह के आधार पर विस्तृत पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि दिनांक 25 नवंबर 2026 की रात खाना नहीं बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आक्रोशित होकर उसने टंगिया, छुरी, तीर एवं प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे स्थित सफेद बबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए। इनमें एक लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया), एक छुरी एवं एक तीर शामिल हैं, जिन पर खून जैसे दाग पाए गए।
वैधानिक कार्यवाही
मामले में थाना केरेगांव में अपराध क्रमांक 28/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी राजकुमार कमार को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार कमार, उम्र 37 वर्ष, पिता स्व. बालाराम कमार, निवासी ग्राम बाहनापथरा, कांटाकुर्रीडीह, थाना केरेगांव, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)।
▪️*जब्त सामग्री*
01. एक नग लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया), जिस पर खून जैसे दाग पाए गए।
02. एक नग छुरी, जिस पर खून जैसे दाग पाए गए।
03. एक नग तीर, जिस पर खून जैसे दाग पाए गए।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घरेलू विवाद एवं आपसी मतभेद की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। किसी भी विवाद को आपसी बातचीत, संयम एवं समझदारी से सुलझाने का प्रयास करें। आवेश में उठाया गया हिंसक कदम किसी परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचा सकता है। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।







