रिपोर्ट- खिलेश साहू
डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 13.30 लाख रूपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधी पर धमतरी पुलिस का शिकंजा, ठगी की रकम से खरीदा गया मोबाइल जब्त
एसपी धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस की कार्यवाही, फर्जी CBI अधिकारी बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना मगरलोड पुलिस ने फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का भय दिखाकर प्रार्थी से 13 लाख 30 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी द्वारा ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।
घटना का विवरण
मामले में दिनांक 21.08.2025 को शाम लगभग 04:15 से 04:20 बजे के मध्य प्रार्थी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर 7661062426 से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को CBI अधिकारी बताते हुए प्रार्थी को मनी लॉन्ड्रिंग के प्रकरण में फंसाने की धमकी दी तथा केस रफा-दफा करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करने का दबाव बनाया।
आरोपी की धमकी एवं भय के चलते प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो अलग-अलग बैंक खातों में क्रमशः 5,30,000/- रुपये एवं 8,00,000/- रुपये, कुल 13,30,000/- रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपी द्वारा और पैसों की मांग किए जाने पर प्रार्थी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 128/2025, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(घ) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर, बैंक खातों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। बैंक खाते की जांच में खाता क्रमांक 17690100074011 आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर होना पाया गया।
इसके बाद धमतरी पुलिस टीम द्वारा आंध्रप्रदेश पहुंचकर आरोपी के निवास स्थान पर धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराया गया तथा उसे पूछताछ हेतु थाना मगरलोड बुलाया गया।
थाना मगरलोड में गवाहों की उपस्थिति में की गई पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उससे वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया एक नग वीवो मोबाइल फोन ई-साक्ष्य सहित विधिवत जब्त किया गया।
▪️*गिरफ्तार आरोपी का विवरण*
नाम: शेक घोष बासा, पिता नजीर बासा
उम्र: 32 वर्ष
निवासी: रायचोटी, मेघारा स्ट्रीट, हाउस नंबर 13/175, थाना रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश।
▪️*जब्त सामग्री*
– ठगी की रकम से खरीदा गया एक नग वीवो कंपनी का मोबाइल फोन (ई-साक्ष्य सहित)।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से दिनांक 11.12.2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने पर उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों एवं ठगी की शेष रकम के संबंध में पतासाजी की जा रही है। धमतरी पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के नेटवर्क का पता लगाने हेतु विवेचना निरंतर जारी है।
धमतरी पुलिस की आम नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्वयं को CBI, पुलिस, ED अथवा अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी, मनी लॉन्ड्रिंग या किसी आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी दी जाए तो घबराएं नहीं। पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी वीडियो कॉल अथवा फोन पर किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही केस समाप्त करने के नाम पर बैंक खाते में पैसे जमा कराने को कहती है।
– किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, OTP या PIN साझा न करें।
– डराने-धमकाने वाले फर्जी कॉल पर विश्वास कर किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
– साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।







