जांजगीर- चांपा संवाददाता- निलेश सिंह
जांजगीर-चांपा:
अकलतरा विधायक श्री राघवेंद्र कुमार सिंह जी ने आज बिलासपुर संभाग के कमिश्नर श्री सुनील कुमार जैन जी से सौजन्य मुलाकात कर जांजगीर-चाम्पा जिले से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने जिले में चल रही युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।
विधायक ने बताया कि नियमों के विरुद्ध कई स्कूलों का समायोजन किया गया है, जिससे शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, जिले में कई पद खाली होने के बावजूद शिक्षकों का स्थानांतरण जिले से बाहर कर दिया गया है, जो पूरी तरह से अनुचित है। विशेष रूप से महिला सहायक शिक्षकों के स्थानांतरण में नियमों की अनदेखी की गई, जिससे उनके परिवारिक और सामाजिक दायित्व प्रभावित हो रहे हैं।
श्री सिंह ने इन सभी मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की और कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पारदर्शिता एवं नियमों का पालन आवश्यक है।कमिश्नर श्री सुनील कुमार जैन जी ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद विधायक ने कहा कि चर्चा सकारात्मक रही और उन्हें विश्वास है कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान होगा तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों के हित में उचित निर्णय लिया जाएगा।









