संवाददाता अशोक मनहर
सारंगढ़-बिलाईगढ़ ग्राम पंचायत सलौनि खुर्द में पदस्थ प्रधानपाठक कुशल प्रसाद जाटवर को हटाए जाने की मांग को लेकर चल रही शिकायतों के बीच आज शिक्षा विभाग की जांच टीम गांव पहुंची। जिला मुख्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ से आई टीम के साथ-साथ बिलाईगढ़ तहसील के अधिकारी भी जांच में शामिल हुए। जांच की कार्रवाई दिन भर चली और ग्रामीणों की भारी भीड़ स्कूल परिसर में जुटी रही।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानपाठक कुशल प्रसाद जाटवर पर शैक्षणिक लापरवाही, अनुशासनहीनता, और वित्तीय अनियमितताओं जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों की नियमित पढ़ाई नहीं हो रही थी और शासकीय योजनाओं का सही क्रियान्वयन भी संदेह के घेरे में है। जांच टीम ने विद्यालय के दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की और स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली। टीम ने ग्रामीणों के बयान रिकॉर्ड कर उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही है।
ग्रामीणों ने क्या कहा:
“हम लंबे समय से शिकायत करते आ रहे हैं, लेकिन अब जाकर कार्रवाई होती दिख रही है। हमें उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच होगी और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।”
अधिकारी ने कहा:
“सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।”
अब सवाल यह है कि…
क्या शिक्षा विभाग आरोपों के बाद कार्रवाई करेगा?
क्या प्रधानपाठक को हटाया जाएगा या जांच के बाद दी जाएगी क्लीन चिट?
ग्रामीणों की नजर अब शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।







