बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
शर्मा ने घायल जवान से की मुलाकात, कहा- पूरी सरकार है आपके साथ
फिर नजर आई गृहमंत्री शर्मा की संवेदनशीलता
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के संवेदनशील और सहृदय उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की संवेदनशीलता की एक झलक यहां फिर देखने को मिली। विजय शर्मा इन दिनों बस्तर प्रवास पर हैं। उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा को जैसे ही पता चला कि नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में घायल जवान को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में भर्ती कराया गया है, अपने सारे जरूरी काम छोड़कर श्री शर्मा तुरंत महापौर संजय पांडे को लेकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंच गए। घायल जवान से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घायल जवान और उनके परिजनों से कहा कि आप लोग बिल्कुल भी चिंता मत कीजिए, हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी, पूरी सरकार और छत्तीसगढ़ की पूरी जनता आपके साथ हैं। आप जैसे वीरों के अदम्य साहस के बल पर ही हमारा बस्तर और छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त होने जा रहा है। आप लोग बस्तर के आदिवासियों और यहां के अन्य मूल निवासियों की भलाई तथा बस्तर की बेहतरी के लिए अपनी जान की बाजी लगाकर लड़ाई लड़ रहे हैं। आपका यह योगदान छत्तीसगढ़ की जनता हमेशा याद रखेगी। जवान के इलाज और सुविधाओं में जरा कमी तथा अस्पताल की अव्यवस्था देख उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा बेहद नाराज हो उठे। उन्होंने डाक्टरों को फटकार लगाते हुए कहा कि जो जवान आप और हम सबकी हिफाजत तथा बस्तर के समग्र विकास की राह खोलने की लड़ाई लड़ रहे हैं, उनकी देखभाल में कोताही नहीं होनी चाहिए। यदि हम ऐसा करते हैं, तो यह हमारी कृतघ्नता ही कहलाएगी। अपने नागरिक कर्तव्य का पालन करें। श्री शर्मा ने डॉक्टर्स को घायल जवान के साथ ही हॉस्पिटल में आने वाले हर मरीज का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









