Home चर्चा में रायपुर में दिनदहाड़े 15 लाख की लूट: हथियारों से डराकर कारोबारी से...

रायपुर में दिनदहाड़े 15 लाख की लूट: हथियारों से डराकर कारोबारी से नकदी व आभूषण लूटे, बाइक पर लिखा था ‘BOSS’

4
0

रायपुर संवाददाता – रघुराज

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने दिनदहाड़े एक कारोबारी से 15 लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। यह वारदात पंडरी कापा फाटक के पास हुई, जहां तीन अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने रास्ता पूछने के बहाने कारोबारी को रोका और चाकू व पिस्टल दिखाकर नकदी और कीमती आभूषण लूटकर फरार हो गए।

बोरवेल व्यवसायी बना निशाना
यह घटना बोरवेल व्यवसाय से जुड़े कारोबारी चिराग जैन के साथ हुई, जो अपने ऑफिस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कापा फाटक के पास एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर पहले रास्ता पूछा और फिर हथियार निकाल कर डराया। उन्होंने कारोबारी से करीब 15 लाख रुपये नगद, सोने की अंगूठी, चांदी की चैन आदि लूट लिए।

‘BOSS’ लिखी थी बाइक की नंबर प्लेट पर
पीड़ित चिराग जैन के अनुसार, आरोपियों की बाइक की नंबर प्लेट पर किसी तरह का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था, बल्कि अंग्रेजी में ‘BOSS’ लिखा था। पुलिस को यह जानकारी दी गई है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिल सकती है।

पुलिस ने की नाकेबंदी, जांच शुरू
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और मोवा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी शुरू कर दी गई है। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here