गौरेला संवाददाता – तापश शर्मा
महिला बाल विकास विभाग के एकीकृत बाल विकास परियोजना गौरेला के द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती वर्ष पर सुपोषण चौपाल, महिला जागृति शिविर का आयोजन अमृतम होम्स में आयोजित किया गया।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद गौरेला की उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा एवं महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी सुषमा केशरी उपस्थित रही। नपा. अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने हमें छत्तीसगढ़ राज्य बना कर दिया जिसका हम 25 वर्ष रजत जयंती वर्ष के रूप में मना रहे है आज हमारा छत्तीसगढ़ विकास के नई इबारत लिख रहा है।

इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही रोशनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन के माध्यम से लाखों महिलाओं को लगातार सम्मान राशि प्रदान की जा रही है। जिसका प्रबंधन महिला बाल विकास विभाग के माध्यम से हो रहा है, मुख्यमंत्री ने नेतृत्व में आज हम देश के अग्रणी राज्यों में सम्मिलित हो रहे है।

कार्यक्रम को भाजपा नेता तापस शर्मा और शिक्षाविद ज्योति दुबे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सभी सेक्टर के द्वारा व्यंजनों की बगिया और पोषण आहार का स्टॉल लगाया गया जिसका अतिथियों के द्वारा अवलोकन किया गया, महिलाओं के द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया साथ की उपस्थित सभी महिलाओं का स्वास्थ्य जांच भी किया गया और दवा वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी सुषमा केशरी ने किया और इस अवसर पर महिला बाल विकास विभाग के सभी सुपरवाइजर, कार्यकर्ता एवं सहायिका बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









