(बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा)
जगदलपुर। खतरनाक आईईडी तो ब्लास्ट नहीं हो पाया, लेकिन नक्सलियों के नापाक मंसूबे जरूर ध्वस्त कर दिए गए। सुरक्षा बलों की सजगता से बड़ी अनहोनी टल गई। सुरक्षा बलों द्वारा गोरना- मनकेली मार्ग पर 10 किग्रा का आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया गया। बीजापुर थाना क्षेत्रांतर्गत डीआरजी बीजापुर, थाना बीजापुर एवं बीडीएस टीम गोरना-मनकेली मार्ग पर डिमाईनिंग ड्यूटी पर निकली थी। डि-माईनिंग ड्यूटी के दौरान गोरना-मनकेली रोड में इलेक्ट्रिक तार दिखाई दिया, जिससे जवान सतर्क हो गए। फिर आसपास क्षेत्र में सघन सर्च किया गया। सर्च के दौरान गोरना- मनकेली मार्ग पर एक स्टील टिफिन में लगभग 10 किलोग्राम का कमांड आईईडी मिला, जो लगभग 70-80 मीटर लंबी बिजली तार से जुड़ा हुआ था।बीजापुर बीडीएस टीम द्वारा बरामद आईईडी को सावधानीपूर्वक एवं सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट किया गया। यह कार्रवाई सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण है, जिसने संभावित नुकसान को टाल दिया और माओवादियों के नापाक मंसूबो को विफल किया है।










